सड़क सुरक्षा माह 2026 : चेतना अभियान के तहत ग्राम खैरा में ग्रामीणों को किया गया जागरूक

बिलासपुर- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत चेतना अभियान चलाकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को थाना रतनपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खैरा में स्थित महामाया कॉलेज रतनपुर द्वारा आयोजित एनएसएस शिविर में चेतना अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, महिला एवं बाल अपराध, कानूनी अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, साइबर अपराध, नशा मुक्ति आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को अनजान कॉल, फर्जी लिंक या किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की समझाइश दी गई।
इस अवसर पर अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय, महामाया कॉलेज के प्राचार्य, खैरा स्कूल के प्राचार्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया गया तथा पुलिस की सहायता के प्रति विश्वास बनाए रखने की अपील की गई।



