गुरुपूर्णिमा पर अध्यात्म और सम्मान का संगम — शिवेंद्र गुप्ता ने लिया आशीर्वाद, रामटेकरी मंदिर के मुख्य पुजारी पं. महेश प्रसाद दुबे को श्रीफल व शॉल अर्पित कर प्रकट की श्रद्धा

रतनपुर – गुरुपूर्णिमा, यह वह पुण्य तिथि है जब शिष्य अपने गुरु के प्रति कृतज्ञता, श्रद्धा और समर्पण भाव से अभिव्यक्त होता है। इसी भाव को साकार करते हुए भारतीय जनता पार्टी रतनपुर मंडल के मंत्री श्री शिवेंद्र गुप्ता ने रामटेकरी धाम पहुंचकर वहाँ के मुख्य प्रबंधक एवं प्रधान पुजारी पं. महेश प्रसाद दुबे को श्रीफल व शॉल अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
यह भेंट केवल एक औपचारिकता नहीं, अपितु गुरु परंपरा के प्रति आत्मिक श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति निष्ठा का प्रतीक रही। श्री गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि — “गुरु वह दीप है, जो अज्ञान के अंधकार में ज्ञान का प्रकाश भर देता है।” रामटेकरी मंदिर के पं. महेश प्रसाद दुबे न केवल मंदिर व्यवस्था के सजग प्रहरी हैं, बल्कि समाज को धर्म, सेवा और संस्कार से जोड़ने वाले यशस्वी पथप्रदर्शक भी हैं।
गंगा-जमुनी संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत इस अलौकिक मिलन के साक्षी बने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुजन। गुरुपूर्णिमा का यह शुभ अवसर भक्ति, साधना और गुरु वंदना के स्वरूप में पूर्ण श्रद्धा से संपन्न हुआ।



