पुरानी पेंशन बहाली समेत मांगों को लेकर बिजली कर्मचारियों का उग्र आंदोलन, 9 अक्टूबर को रायपुर मुख्यालय घेराव
छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों की प्रमुख मांगों — पुरानी पेंशन बहाली, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, 3% तकनीकी भत्ता, आईटीआई व शेष वर्ग के कर्मचारियों को टीएडीए सहित अन्य मुद्दों को लेकर स्थगित आंदोलन को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
महासंघ ने प्रबंधन को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार,
29 अगस्त को सभी क्षेत्रीय मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन कर मुख्य अभियंता के माध्यम से पावर कंपनी के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सितंबर माह भर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
1से 8अक्टूबर तक काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे,
9 अक्टूबर को रायपुर में विशाल रैली एवं डंगनिया मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।
इसी आंदोलन की रणनीति को लेकर बिजली कर्मचारी रायगढ़ क्षेत्र की कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस संबंध में जानकारी महामंत्री प्रमोद कुर्रे ने दी।



