
बिलासपुर – अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग बिलासपुर वृत पूर्व ने 18 अप्रैल को तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 24 लीटर महुआ शराब जब्त की है। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक प्रकरण अजमानतीय श्रेणी का दर्ज हुआ है।
बरखदान में पाउच-पाउच में बिक रही थी शराब
तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरखदान मोहल्ले में जय कुमार कोल को आबकारी विभाग ने उस समय पकड़ा जब वह प्लास्टिक के 96 छोटे-छोटे पाउचों में महुआ शराब बेच रहा था। जब्त शराब की कुल मात्रा 24 लीटर बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
दो अन्य गिरफ्तारियां, लगातार दबिश जारी
इस दिन की कार्रवाई में विभाग ने दो अन्य स्थानों पर भी छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इनमें से एक मामला अजमानतीय प्रकृति का बताया गया है।
टीम ने संभाला मोर्चा
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शुक्ला, मुख्य आरक्षक जनक राम जगत, आरक्षक डड़सेना और गौरव स्वर्णकार शामिल रहे। पूरी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
नशे के कारोबार पर सख्ती जारी
आबकारी विभाग की इन लगातार हो रही कार्रवाइयों से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि ऐसे ही सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे, जिससे नशे के अवैध धंधे पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।



