रतनपुर – रतनपुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक महिला के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और जबरन दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है और पूर्व में भी जेल जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था और वह रात में घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम जाली निवासी राजकुमार सौंरा उर्फ राजा (22 वर्ष) घर की छत से कूदकर अंदर घुस आया। आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत के आधार पर रतनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी राजकुमार सौंरा उर्फ राजा को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक देवकी रावटे एवं आरक्षक पवन ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



