गांगपुर -बसंत पंचमी के पावन अवसर पर प्राथमिक शाला गांगपुर में विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम में प्रधान पाठक संतोषी थवाईत ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि “मां सरस्वती विद्या, ज्ञान और बुद्धि की अधिष्ठात्री देवी हैं। उनके आशीर्वाद से ही मानव जीवन में सही दिशा, विवेक और संस्कारों का विकास होता है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को समझते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।

पूजन कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सहभागिता रही। बच्चों ने मां सरस्वती की आराधना कर सुखद भविष्य की कामना की। पूजा उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर उल्लास और श्रद्धा से परिपूर्ण हो गया।



