
रतनपुर – बंधन NGO की ओर से रतनपुर और तख्तपुर में आजीविका किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और NGO पदाधिकारियों की मौजूदगी में 24 जरूरतमंद परिवारों को लगभग ₹8,700 मूल्य का किराना एवं आजीविका सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके रोजगार को मजबूती प्रदान करना है।
कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक THP बिकाश दे सरकार, वरिष्ठ क्षेत्र समन्वयक दीपेश रॉय सरकार, क्षेत्र समन्वयक शाहिद मोहम्मद, टीम लीडर विक्रम सिंह, पार्षद हकीम मोहम्मद, मनोज पाटले, इंदु यादव, घनश्याम कमलसेन, कुस कहरा तथा उपाध्यक्ष बीनू निराला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बंधन NGO ने बताया कि पहले चरण में सभी लाभार्थियों को ₹8,501 मूल्य का सामान्य उपयोग का सामान उपलब्ध कराया जा चुका है। दूसरे चरण में 24 परिवारों को ₹8,700 मूल्य का किराना सामान वितरित किया गया।
NGO ने आगे की योजना साझा करते हुए बताया कि सिलाई का कार्य करने वाले लाभार्थियों को हेवी सिलाई मशीन, सब्जी विक्रेताओं को ठेला तथा मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को मछली उपलब्ध कराकर व्यवसाय शुरू करने में सहायता दी जाएगी।
इसके अलावा लाभार्थियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में शामिल होने पर ₹60 की उपस्थिति राशि एवं भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक सप्ताह ₹200 की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। लाभार्थियों के व्यवसाय की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद हकीम मोहम्मद ने जीवन में आत्मनिर्भर बनने, व्यवसाय को सही तरीके से संचालित करने और नियमित बचत की आदत अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास और अनुशासित बचत भविष्य में आर्थिक मजबूती का आधार बनते हैं।
अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं बंधन NGO के पदाधिकारियों ने लाभार्थियों को अपने हाथों से आजीविका किट वितरित कर उन्हें स्वरोजगार के लिए शुभकामनाएं दीं।



