मलकानगिरी- ओडिशा के मलकानगिरी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जहरीले सांप के काटने के बाद महिला ने घबराने के बजाय उसी सांप को पकड़ लिया और डिब्बे में बंद कर दिया। बाद में तबीयत बिगड़ने पर परिजन महिला और जिंदा सांप दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंचे। यह नजारा देखकर अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ भी हैरान रह गए।
मामला मलकानगिरी जिले के मथिली ब्लॉक अंतर्गत कुरुमपाली गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली मणिमा नायक बुधवार शाम अपने घर पर थीं। इसी दौरान एक सांप ने उनके पैर में काट लिया। सांप के काटने के बाद भी मणिमा ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह उसे पकड़कर बिस्कुट के डिब्बे में बंद कर दिया।
कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिवार के लोग उन्हें एंबुलेंस से मथिली उप-जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजन अपने साथ वह डिब्बा भी ले गए, जिसमें महिला को काटने वाला सांप जिंदा बंद था।
परिजनों का कहना था कि सांप को डॉक्टरों के सामने दिखाने से उसकी प्रजाति की पहचान करने में मदद मिलेगी और इलाज में आसानी होगी। अस्पताल पहुंचते ही महिला को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया। फिलहाल मणिमा नायक की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश करना बेहद खतरनाक हो सकता है। सर्पदंश की स्थिति में मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए और बिना डॉक्टर की सलाह के किसी घरेलू उपचार पर भरोसा नहीं करना चाहिए।

