
रतनपुर। रतनपुर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुवाजाति में वन विभाग की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखी गई बीजा प्रजाति की लकड़ी जब्त की है। यह छापामार कार्रवाई वनमंडलाधिकारी नीरज कुमार के निर्देशन में, देव सिंह ठाकुर ,की टीम द्वारा किया गया।
वन विभाग की टीम ने जयराम मरावी के घर पर दबिश दी, जहां उसके आंगन से बीजा लकड़ी के 8 नग गोले बरामद किए गए। पूछताछ में जयराम मरावी ने बताया कि उक्त लकड़ी गोपाल श्रीवास द्वारा लाकर वहां रखी गई थी।
इसके पश्चात वन विभाग ने गोपाल श्रीवास को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जब्त लकड़ी को वन विभाग द्वारा कोटा डिपो में सुरक्षित रखा गया है। विभाग के अनुसार जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध वन गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचित करें। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



