पत्नी की हत्या कर फरार हुआ आरोपी पति कोनी पुलिस की गिरफ्त में
🔹 चरित्र शंका में पत्नी की हत्या
🔹 लोहे के सब्बल से हमला कर की वारदात
🔹 रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
🔹 पूछताछ जारी, अग्रिम कार्रवाई प्रगति पर
बिलासपुर- थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत लोफदी फोकटपारा में बुधवार 11 दिसंबर 2025 को एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र केवट पिता लालाराम केवट (उम्र 35 वर्ष), निवासी खपरी थाना तखतपुर, ने अपनी पत्नी संतोषी केवट की चरित्र शंका के कारण विवाद में आकर लोहे के सब्बल से सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोनी पुलिस ने मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया, जिन्होंने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। प्रार्थिया कुंती केवट की रिपोर्ट पर मर्ग एवं अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपी की तलाश तेज की। आरोपी दिगर राज्य भागने की फिराक में था, लेकिन टीम की सतर्कता और अथक प्रयास से उसे कुछ ही घंटों में पकड़कर पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



