CG News:- ड्राइवरों की मांगों को लेकर रतनपुर में देशभर के संगठनों का बड़ा जमावड़ा हुआ। ऑल छत्तीसगढ़ ड्राइवर संगठन के बैनर तले आनंदम पैलेस में हुई राष्ट्रीय बैठक में सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक अधिकारों पर मंथन हुआ। बैठक में 12 नवंबर 2026 से प्रस्तावित ‘स्टीयरिंग छोड़ अभियान एवं चक्काजाम’ को लेकर आंदोलन की रणनीति और आगे की रूपरेखा तय की गई।
रतनपुर। ऑल छत्तीसगढ़ ड्राइवर संगठन के तत्वावधान में गुरुवार को आनंदम पैलेस रतनपुर में ड्राइवर संगठनों की राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ समेत देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे ड्राइवर संगठनों और महासंघों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में सबसे बड़ा फोकस देशभर के ड्राइवरों को एक मंच पर लाने और उनकी समस्याओं को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने पर रहा। ड्राइवरों की सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक अधिकार और आर्थिक हितों से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान 12 नवंबर 2026 से होने वाले ‘स्टीयरिंग छोड़ अभियान एवं चक्काजाम’ को लेकर राष्ट्रीय स्तर की रणनीति पर भी मंथन हुआ।
संगठन ने ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर ड्राइवर आयोग गठित करने, प्रत्येक राज्य में ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने तथा ड्राइवरों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए प्रभावी योजनाएं लागू करने की मांग रखी।
इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान ड्राइवरों की सुरक्षा और उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस व्यवस्था की मांग भी उठी। ड्राइवरों के लिए सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां, पर्याप्त विश्राम स्थल और जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था की रफ्तार ड्राइवरों के भरोसे चलती है। सामान की आवाजाही हो या यात्रियों का सफर, ड्राइवर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए देशभर के ड्राइवर संगठनों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जा रही है।
बैठक में अलग-अलग राज्यों से पहुंचे पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने आगामी आंदोलन को लेकर अपने सुझाव रखे। संगठन ने स्पष्ट किया कि 12 नवंबर से प्रस्तावित स्टीयरिंग छोड़ अभियान और चक्काजाम के जरिए ड्राइवर समाज की मांगों को शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जाएगा।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए ड्राइवर संगठनों एवं महासंघों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ड्राइवर समाज के लोग मौजूद रहे। बैठक के जरिए संगठन ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में ड्राइवरों की मांगों को लेकर आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप देने की तैयारी है।



