
बहरीजोरकी, – राजमेरु संस्था, बिलासपुर द्वारा किसानों में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 दिवसीय किसान जागरूकता अभियान के चौथे दिन ग्राम खारडी मोहल्ला, बहरीजोरकी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पेंड्रा ब्लॉक उद्यानिकी विभाग के अधिकारी एवं उनकी टीम, क्षेत्रीय जनपद सदस्य, खडॉडी पंचायत की सरपंच श्रीमती प्रेमलता कंवर, पंचायत सचिव श्रीमती कुसुम सरवण तथा राजमेरु संस्था के कार्यकर्ता शामिल हुए। ग्रामीणों द्वारा गीत एवं नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। “छत्तीसगढ़ की क्या पहचान—कोदो, कुटकी, मड़िया, धान” जैसे नारों से किसानों में उत्साह देखा गया।
रैली के पश्चात आयोजित ग्राम बैठक में उद्यानिकी विभाग के अधिकारी ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। किसानों ने जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा सहित अन्य समस्याएं साझा कीं। विभाग की ओर से किसानों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया गया तथा किसानों से भी संगठित होकर आगे आने का आह्वान किया गया।
बहरीजोरकी का धनुवार मोहल्ला अत्यंत सुदूर क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद उद्यानिकी विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि ग्रामीणों के साथ पैदल रैली में शामिल हुए तथा स्थानीय भाषा में संवाद किया। इससे किसानों में विशेष उत्साह एवं विश्वास देखने को मिला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं मोटे अनाजों के संरक्षण-संवर्धन से जोड़ते हुए विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाना और किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संगठित एवं सक्रिय बनाना रहा।



