
लोरमी- शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला गुनापुर, संकुल केंद्र ढोलगी, विकासखंड लोरमी, जिला मुंगेली के सक्रिय एवं नवाचारी शिक्षक रघुनाथ राठौर को राज्य शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया। राजभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में महामहिम राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने उन्हें सम्मानित करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
दुर्गम परिस्थितियों में शिक्षा को बनाया बेहतर
शिक्षक रघुनाथ राठौर ने दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास किए। कोरोना काल में भी उन्होंने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों से विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखी। इसके साथ ही विद्यालय परिसर के विकास, खेल मैदान के समतलीकरण, फलदार पौधों के रोपण तथा विद्यार्थियों के लिए खेल एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नवाचारों से बदली विद्यालय की पहचान
विद्यालय में खेल-खेल में शिक्षा, टीएलएम निर्माण, बाल संसद, मीना मंच, रचनात्मक गतिविधियों और किचन गार्डन जैसी नवाचारी पहल को प्रभावी रूप से संचालित किया गया। विद्यालय परिसर में स्वच्छता, हरित वातावरण और विद्यार्थियों के अनुकूल सुविधाओं के साथ पालकों एवं समुदाय की सहभागिता भी लगातार बढ़ाई गई।
राठौर के प्रयासों से विद्यालय की पहचान क्षेत्र में एक सक्रिय एवं नवाचारी विद्यालय के रूप में बनी है। विद्यालय के विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय पठन महोत्सव में चयन, स्कूल लीडरशिप सहित राज्य स्तर की विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता उनके नेतृत्व और समर्पण को दर्शाता है।
पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रघुनाथ राठौर को पूर्व में उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार, शिक्षा दूत पुरस्कार सहित विभिन्न स्तरों पर सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। राज्य शिक्षक पुरस्कार 2026 उनके शैक्षणिक नवाचार और समर्पण को मिली एक और बड़ी पहचान है।
बोले शिक्षक- यह पूरे जिले का सम्मान
सम्मान मिलने पर शिक्षक रघुनाथ राठौर ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि शासकीय प्राथमिक शाला गुनापुर, ग्रामवासियों, पालकों, परिवार, क्षेत्र, संकुल, विकासखंड लोरमी और पूरे मुंगेली जिले का सम्मान है।
उनके सम्मानित होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, विद्यालय परिवार, परिजनों एवं मित्रों सहित जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, बीईओ मनीषा पाटले, बीआरसी दयाराम साहू, प्राचार्य अशोक ध्रुव एवं संकुल समन्वयक कृष्णा सिंह राजपूत सहित शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



