
बिलासपुर -बारिश के मौसम में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने विशेष तैयारी की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस के 130 से अधिक जवानों को उच्च गुणवत्ता वाले पारदर्शी रेनकोट वितरित किए गए हैं।
यातायात पुलिस का उद्देश्य है कि भारी बारिश के दौरान भी जवान बिना किसी बाधा के ड्यूटी करते हुए नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध करा सकें। पारदर्शी रेनकोट की वजह से ड्यूटी पर तैनात यातायात जवानों की दूर से भी आसानी से पहचान हो सकेगी।
बारिश के दौरान शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस विशेष निगरानी रखेगी और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्ट भी किया जाएगा।
वाहन चालकों के लिए यातायात पुलिस की अपील
तेज बारिश और कम दृश्यता में वाहन धीमी गति से चलाएं।
जलभराव वाले मार्गों पर जल्दबाजी और लापरवाही से बचें।
यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें और धैर्यपूर्वक वाहन चलाएं।
अपनी सुरक्षा के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बारिश के मौसम में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।



