
रतनपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेण्ड्रा से बिलासपुर की ओर गांजा बिक्री करने जा रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर अंशिका जैन (प्रशिक्षु भापुसे) के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
दिनांक 05 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नीले रंग की कार में पेण्ड्रा से बिलासपुर की ओर भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम घांसीपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से 3.329 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 1,65,000 रुपये) बरामद किया गया। इसके साथ ही 01 मोबाइल फोन, 02 वॉकी-टॉकी तथा परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6,77,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने कार सवार सौरभ मिश्रा (26 वर्ष) निवासी ग्राम धनगंवा, थाना गौरेला, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा को बिलासपुर में बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया।
आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन, सउनि पवन सिंह, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक संजय यादव तथा महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।



