
रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के बिकमा तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी होने की अफवाह ने रविवार सुबह पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अचानक फैली इस खबर से श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया और लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुँचने लगे।
हालांकि जांच करने पर सच्चाई कुछ और ही सामने आई। दरअसल, मंदिर जर्जर स्थिति में होने के कारण ढह गया था और मलबे के नीचे शिवलिंग दब गया था। ग्रामीणों ने जब मिलकर मलबा हटाया तो शिवलिंग सुरक्षित बाहर निकला। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाकर विधिविधान से पूजा-अर्चना की।

ग्रामीण रमेश यादव, रवि ठाकुर, रामचरण लोधी, ज्वाला धीवर, सोनू राव और देवेंद्र राजपूत ने मिलकर मलबा हटाने का कार्य किया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।



