
जांजगीर – कोतवाली थाना इलाक़े के पुटपुरा गाँव में कई साल से गाँजा बिक्री करने वाले मशहूर गाँजा तस्कर को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यह कामयाबी हासिल की है। आरोपी धनेश राठौर उर्फ़ बब्बन पिता स्व गरहन राठौर उम्र 47 साल साकिन वार्ड क्र 07 बाजार चौक ग्राम पुटपुरा द्वारा प्रिंस जनरल स्टोर की आड़ में ग्रामीणों को गाँजा बिक्री करता था। उसके इस गुनाह में कई सफ़ेदपोश शामिल थे और अपनी सेटिंग के चलते वह खुलेआम गाँजा बिक्री करता था। रविवार को पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापामार कार्रवाई करते हुए उसके दुकान से गाँजा बरामद किया है।
सूत्रों के मुताबिक़ आरोपी धनेश राठौर उर्फ़ बब्बन का परिवार भी उसके इस अवैध धंधे में शामिल था। उसकी ग़ैर मौजूदगी में उसका पुत्र भी गाँजा बिक्री करता था। पुटपुरा गाँव में ज़्यादातर युवा गाँजा के आदि हो चुके हैं। कार्रवाई नहीं होने से नाबालिग बच्चों को भी आरोपी गाँजा तस्कर नशे के दलदल में धकेल रहा था।
पुलिस कार्रवाई से ग्रामीणों में ख़ुशी, संपत्ति ज़ब्त करने की माँग
गाँजा तस्कर बब्बन राठौर की दबंगई और गुंडागर्दी से परेशान ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने शासन प्रशासन से इस गाँजा तस्कर की अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्ति को राजसात कर बुलडोज़र कार्रवाई की माँग उठाई है। हालाँकि पुलिस ने गाँजा विक्रेता को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया है।



