रतनपुर- सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल होने की चाह तीन ग्रामीणों को भारी पड़ गई। रतनपुर थाना क्षेत्र में दुर्लभ वन्य जीव बेंगाल मॉनिटर (गोह) का शिकार कर उसके साथ क्रूरता करते हुए वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के मामले में वन विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर वन विभाग ने वायरल वीडियो की जांच की। जांच में वीडियो में दिखाई देने वाला जीव बेंगाल मॉनिटर (गोह) पाया गया, जो वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल संरक्षित एवं दुर्लभ प्रजाति है।
मुख्य वन संरक्षक मनोज पाण्डेय एवं वनमंडलाधिकारी नीरज के निर्देशन में वन परिक्षेत्र रतनपुर की टीम ने रील में मिले मोबाइल नंबर के आधार पर रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पाण्डेय से संपर्क किया। पुलिस की मदद से आरोपियों की पहचान कर घासीपुर निवासी अजय मरावी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अजय मरावी ने अपने दो अन्य साथियों रवि सवरा एवं अजय सवरा, निवासी ग्राम पोड़ी, के नाम बताए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों को भी उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
वन विभाग ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 2(16)(ख), 9, 50 एवं 51 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 17774/08 दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



